सरकार ने कहा है कि शत प्रतिशत राशन कार्ड डिजिटाइज़ हो गए हैं और 99 प्रतिशत से ज़्यादा राशन कार्ड आधार से लिंक हैं। लोकसभा में आज एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन बांभनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खाद्य सुरक्षा को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि सरकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 81 करोड़ से ज़्यादा लाभार्थियों को मुफ्त अनाज दे रही है।
श्रीमती बांभनिया ने कहा कि यह योजना दुनिया का सबसे बड़ा खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम है। उन्होंने ने कहा कि वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना लागू होने से प्रवासी मज़दूर अब देश भर में किसी भी उचित मूल्य की दुकान से अपना हक का अनाज ले सकते हैं। श्रीमती बांभनिया ने कहा कि वन नेशन, वन राशन कार्ड के तहत 201 करोड़ से ज़्यादा पोर्टेबिलिटी ट्रांज़ैक्शन रिकॉर्ड किए गए हैं।