शतरंज में जर्मन ग्रैंडमास्टर विंसेंट कीमर ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2025 में लगातार दूसरी बाजी ड्रॉ करके अपनी बढ़त बरकरार रखी। कल 5वें दौर में ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती के साथ उनकी बाजी बराबरी पर समाप्त हुई।
कीमर, अर्जुन एरिगैसी से एक अंक आगे हैं। अब ये दोनों खिलाड़ी छठे दिन आमने-सामने होंगे, जिसमें कीमर सफेद मोहरों से खेलेंगे।
मास्टर्स वर्ग में, जॉर्डन वैन फॉरेस्ट ने ग्रैंडमास्टर रे रॉबसन को हराकर दिन की एकमात्र जीत दर्ज की, जिससे दोनों खिलाड़ियों के दो-दो अंक हो गए। निहाल सरीन और अवॉन्डर लियांग तथा अनीश गिरी और मुरली कार्तिकेयन के बीच खेली गई बाजियां भी बराबरी पर समाप्त हुईं।
चैलेंजर्स वर्ग में काले मोहरों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला। ग्रैंडमास्टर अभिमन्यु पुराणिक ने ग्रैंडमास्टर हरिका द्रोणावल्ली को हराकर अपनी बढ़त 4.5 अंकों तक पहुंचाई। आईएम हर्षवर्धन जीबी ने ग्रैंडमास्टर वैशाली रमेशबाबू के खिलाफ काले मोहरों से जीत हासिल की। ग्रैंडमास्टर लियोन ल्यूक मेंडोंका और ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम के बीच खेल बराबरी पर समाप्त हुआ। जिससे वे संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। ग्रैंडमास्टर इनियान पा और ग्रैंडमास्टर दिप्तायन घोष की बाजी भी बराबरी पर रही।