वैश्विक उपकरण विनिर्माता देश की रूपरेखा क्षमताओं, विशाल प्रतिभा पूल और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सतत नीतियों के बल पर एक आधार स्थापित करने के लिए भारत की ओर उत्सुकता से देख रहे हैं। केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नीदरलैंड्स के एडवांस्ड सेमीकंडक्टर मैटेरियल्स लिथोग्राफी-ए.एस.एम.एल मुख्यालय के अपने दौरे के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य लिथोग्राफी से संबंधित उन्नत प्रौद्योगिकी को समझना है। उन्होंने कहा कि गुजरात के धोलेरा में भारत के आगामी सेमीकंडक्टर निर्माण प्रतिष्ठान में एएसएमएल के उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। यह लिथोग्राफिक उपकरणों की विश्व की अग्रणी प्रदाता कंपनी है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत के उभरते सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए उन्नत लिथोग्राफी प्रौद्योगिकी के महत्व पर बल दिया। सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र में देश की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास उच्च-तकनीकी विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में देश के लक्ष्य को गति प्रदान करेंगे।