सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बताया कि वेव्स-ओटीटी ऐप ने एक महीने में दस लाख से अधिक डाउनलोड पार कर लिए हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री वैष्णव ने कहा कि यह उपलब्धि, सांस्कृतिक जड़ों के साथ भारत के अटूट बंधन को दर्शाती है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रसार भारती द्वारा भारत का ओटीटी प्लेटफॉर्म रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों को नए ज़माने की तकनीक और सामग्री के साथ फिर से ला रहा है।
उन्होंने कहा कि इसमें हर पीढ़ी के लिए मनोरंजन है, जिसमें पिछले शो से लेकर फीचर्स शामिल हैं। श्री वैष्णव ने अभिनेता शाहरुख खान के प्रतिष्ठित शो किकिंग बॉल्स का आधुनिक रूप फौजी 2.0, ऑस्कर विजेता गुनीत मोंगा कपूर द्वारा निर्मित और जय आप कहां जाएंगे को वेव्स का मुख्य आकर्षण बताया।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह मंच पहले से कहीं अधिक सशक्त है, जिसमें राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं द्वारा प्रस्तुत की गई सामग्री से लेकर भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान, अन्नपूर्णा कॉलेज और अन्य शीर्ष संस्थानों की फिल्में प्रदर्शित की जा रही है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और केंद्र सरकार के अन्य मंत्रालयों तथा राज्यों के योगदान से वेव्स पर दुर्लभ वृत्तचित्र, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम की फिल्में और ऐतिहासिक अभिलेखागारों की सामग्रियों को प्रस्तुत कर रहा है।
वेव्स ने साइबर क्राइम की दुनिया से जुडे वीडियो और शो के साथ साइबर सुरक्षा पर जागरूकता बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सीडेक के साथ भी भागीदारी की है।