वेनेजुएला में, राजनीतिक कारणों से जेल में बंद 1 हजार 557 लोगों ने नए माफी कानून के तहत रिहाई के लिए आवेदन किया है। बंदियों को उम्मीद है कि उन्हें इस सप्ताह रिहा कर दिया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में 1 हजार एक सौ से अधिक नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे अब यह संख्या 1 हजार 557 हो गई है। सैकड़ों लोगों की रिहाई पहले ही हो चुकी है तथा अगले 15 दिनों में और भी रिहाई हो सकती है।
इस कानून से वैसे विपक्षी सदस्यों, कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और मानवाधिकार रक्षकों को मदद मिलेगी, जिन्हें महीनों या वर्षों से हिरासत में रखा गया है।
कई वर्षों तक सरकार ने राजनीतिक कैदियों को रखने से इनकार कर दिया था, इसलिए यह कानून एक बड़ा बदलाव है।
वेनेजुएला स्थित कैदियों के अधिकारों के फोरम के उपाध्यक्ष गोंज़ालो हिमियोब ने कहा कि अब तक देश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित बारिनास राज्य में कुछ लोगों को रिहा किया जा चुका है, लेकिन आम माफी के तहत रिहाई की पुष्टि की प्रक्रिया अभी भी जारी है।
इस कानून के अंतर्गत 1999 से राजनीतिक संघर्षों से जुड़े अपराधों को शामिल किया गया है, जिसमें 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद की अशांति भी शामिल है, जिसके कारण हजारों गिरफ्तारियां हुईं।
नए कानून में हत्या, नशीले पदार्थों की तस्करी, गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन और सैन्य विद्रोह के दोषी व्यक्तियों को छूट दी गई है।
स्वतंत्र समूहों की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी की शुरुआत से सैकड़ों बंदियों को रिहा किया जा चुका है, लेकिन परिवारों का कहना है कि रिहा किए गए कई कैदियों को अभी भी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है।