जनवरी 4, 2026 7:31 पूर्वाह्न

printer

वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई पर ट्रंप ने कहा- सत्ता सुरक्षित हाथों में आने तक शासन संभालेगा अमरीका

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने बताया है कि वेनेजुएला की राजधानी कराकस में उनके निर्देश पर सैन्य अभियान चलाया गया। फ्लोरिडा में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अमरीकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए कराकस में स्थित एक किलेबंद सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया। ट्रम्प ने बताया कि जब तक वेनेजुएला की सत्ता सुरक्षित, उचित और न्यायसंगत हाथों में नहीं आती, तब तक अमरीका वहां का शासन संभालेगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने ऑपरेशन की तुलना ईरान के खिलाफ हुई अमरीकी सैन्य कार्रवाइयों से की, जिनमें परमाणु ठिकानों पर हमले शामिल थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को अब अमरीकी न्याय का सामना करना पड़ेगा। उन पर न्यूयॉर्क में नशीले पदार्थों से संबंधित आतंकवाद के आरोप में मुकदमा चलाया गया है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने आरोप लगाया कि वेनेजुएला अमरीका में प्रवेश करने वाले अवैध मादक पदार्थों का एक प्रमुख स्रोत है। उन्होंने राष्ट्रपति मादुरो को एक तानाशाह बताते हुए वेनेजुएला के राजनीतिक और सैन्य नेताओं को चेतावनी दी कि अगर वे विरोध करते हैं तो उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।

उन्होंने कहा कि वेनेजुएला अब स्वतंत्र है और इस अभियान के बाद अमरीका सुरक्षित और मजबूत राष्ट्र बन गया है।