वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है कि सुरक्षा बलों ने कराकस स्थित अमरीकी दूतावास पर बमबारी की साजिश को नाकाम कर दिया। इसका उद्देश्य अमरीका के साथ संघर्ष भड़काना था। उन्होंने कहा कि सूत्रों ने अधिकारियों को स्थानीय चरमपंथी समूहों द्वारा सुनियोजित हमले के बारे में सतर्क किया था। देश में अमरीकी दूतावास वर्ष 2019 से बंद है, यहां अब सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
राष्ट्रपति मादुरो ने कहा कि इसका उद्देश्य उनकी सरकार पर आरोप लगाना और तनाव बढ़ाना था। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कथित तौर पर वेनेजुएला के साथ राजनयिक प्रयासों को रोक दिया है। ट्रम्प ने अमरीकी रादूत रिचर्ड ग्रेनेल से वेनेजुएला के साथ सभी संपर्क समाप्त करने को कहा है।
हाल ही में, अमरीकी नौसेना ने वेनेजुएला के तट के पास कथित रूप से ड्रग्स ले जा रही कई नौकाओं पर बमबारी की थी, जिसमें चार लोग मारे गए थे। अमरीका मादुरो पर मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाता रहा है।