मार्च 5, 2026 11:54 पूर्वाह्न

printer

वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ और अमरीका के आंतरिक मामलों के मंत्री डग बर्गम ने कहा- दोनों देश खनन के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे

वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ और अमरीका के आंतरिक मामलों के मंत्री डग बर्गम ने कहा है कि दोनों देश खनन के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की राष्ट्रीय ऊर्जा प्रभुत्व परिषद के प्रमुख बर्गम ने कराकस स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्‍ट्रपति रोड्रिगेज़ से मुलाकात की। जनवरी में अमरीकी हमलों और निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद किसी अमरीकी सचिव की यह दूसरी मुलाकात थी।

वेनेजुएला ने पहले ही अपने राष्ट्रीयकृत तेल क्षेत्र में अधिक विदेशी निवेश की अनुमति देने के लिए अपने कानून में बदलाव कर दिया है। अब सरकार अपने खनन क्षेत्र में भी इसी तरह के सुधारों की योजना बना रही है। सरकार ने अभी तक विवरण जारी नहीं किया है, लेकिन देश की संसद के नेता जॉर्ज रोड्रिगेज़ ने कहा कि इन सुधारों से बड़ी विदेशी कंपनियों को खनिज और दुर्लभ पृथ्वी तत्व निकालने की अनुमति मिलेगी। वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार है और यह सोना, हीरे, महत्वपूर्ण खनिज और दुर्लभ पृथ्वी खनिज से भी समृद्ध है।