जनवरी 11, 2026 8:16 पूर्वाह्न

printer

वीमेंस प्रीमियर लीग: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हराया

वीमेंस प्रीमियर लीग में दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने कल नवी मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन के बड़े अंतर से हराकर प्रतियोगिता में पहली जीत दर्ज की।

मुंबई के लिए यह जीत काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि उसे शुरुआती मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा था।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए, मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। मुम्‍बई की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 75 रन और नैट स्काइवर-ब्रंट ने 70 रन की शानदार पारी खेली।

196 रन के लक्ष्‍य के जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 145 रन पर सिमट गई। चिनैल हेनरी ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। मुंबई इंडियंस के लिए निकोला कैरी और अमेलिया केर ने तीन-तीन विकेट झटके। वहीं, नैट स्काइवर-ब्रंट ने दो, जबकि शबनम इस्माइल तथा संस्कृति गुप्ता ने एक-एक विकेट हासिल किया। हरमनप्रीत कौर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता में आज दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला गुजरात जायंट्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से नवी मुम्‍बई में खेला जाएगा।