भारत विकसित यंग लीडर्स डॉयलॉग-वीबीवाईएलडी 2026 क्विज़ में 50 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इसने पिछले संस्करण के 30 लाख प्रतिभागियों के रिकॉर्ड को पीछे छोड दिया। इस वर्ष क्विज का आयोजन पहली सितंबर से 31 अक्टूबर तक सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में किया गया। युवाओं ने इस पहल में शामिल होकर विकसित भारत@2047 के विज़न के प्रति अपने उत्साह की पुष्टि की। युवा कार्य और खेल मंत्रालय ने बताया है कि इस पहल में युवा पुरुषों और महिलाओं की लगभग समान भागीदारी रही। इसमें 51 प्रतिशत पुरुषों और 49 प्रतिशत महिलाओं का प्रतिनिधित्व था। तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा और पश्चिम बंगाल सबसे अधिक प्रतिभागियों वाले शीर्ष पाँच राज्य रहे।
क्विज़ के दूसरे चरण में ढाई लाख से अधिक चयनित युवाओं को विकसित भारत के विज़न को आकार देने वाले दस प्रमुख राष्ट्रीय विषयों पर निबंध दौर के माध्यम से अपने विचार साझा करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। मुख्य विषयों में शामिल हैं: लोकतंत्र में युवा और विकसित भारत के लिए सरकार, महिला-नेतृत्व विकास: विकसित भारत की कुंजी और फिट भारत, हिट भारत। 22 भारतीय भाषाओं में निबंध 20 नवम्बर तक स्वीकार किए जाएँगे।