जुलाई 28, 2025 7:02 अपराह्न

printer

विश्व हेपेटाइटिस दिवस: जागरूकता बढ़ाने का संकल्प, थीम – हेपेटाइटिस: लेट्स ब्रेक इट डाउन

आज विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस हर साल 28 जुलाई को वायरल हेपेटाइटिस के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। वायरल हेपेटाइटिस लिवर की एक सूजन है जो गंभीर लिवर रोग और लिवर कैंसर का कारण बनती है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, इस वर्ष का विषय है हेपेटाइटिस- लेट्स ब्रेक इट डाउन।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्‍स, दिल्ली में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद गर्ग ने बताया कि वायरल संक्रमण, शराब का बढ़ता सेवन और फैटी लिवर देश में हेपेटाइटिस के प्रमुख कारणों के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस बीमारी से बचाव के उपायों में कम वसा, शर्करा और कार्बोहाइड्रेट वाला संतुलित आहार शामिल है। डॉ. गर्ग ने रोज़ाना 45 मिनट से एक घंटे तक टहलने की भी सलाह दी।

यह दिवस हेपेटाइटिस सेवाओं – टीकाकरण, सुरक्षित इंजेक्शन पद्धतियाँ, नुकसान कम करने और विशेष रूप से परीक्षण और उपचार – को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणालियों में सरल बनाने, बढ़ाने और एकीकृत करने की आवश्यकता पर बल देता है। इस अवसर पर मुख्‍मंत्री रेखा गुप्‍ता ने लोगों से अपील की कि वह इस बीमारी को लेकर जागरूक रहे, समय पर जांच कराएं और इलाज शुरू करें। उन्‍होंने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों में हेपेटाइटिस से जुड़ी सभी जांच, उपचार और ज़रूरी दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।