नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मंगलवार से होने वाले विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2025 में भारत की ओर से 145 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। यह आयोजन 13 मार्च तक चलेगा, जिसमें 19 देशों से आए 105 खिलाड़ी भाग लेंगे।
सऊदी अरब, जर्मनी, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, फिलीपींस, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, नेपाल, भूटान और श्रीलंका सहित कई अंतरराष्ट्रीय टीमें पहले ही नई दिल्ली पहुंच गई हैं। बाकी के देशों की टीम भी जल्द पहुंचेंगी।
इस प्रतियोगिता की मजबूत टीमों में संयुक्त अरब अमीरात और कजाकिस्तान शामिल हैं।
संयुक्त अरब अमीरात ने हाल ही में हुए फज्जा पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2025 में 21 पदक हासिल किए हैं। वहीं कजाकिस्तान ने 2022 के एशियाई पैरा खेलों में आठ स्वर्ण सहित 41 पदक जीते हैं।
तीन दिवसीय इस आयोजन में 90 से अधिक प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें दुनिया भर के शीर्ष पैरा-एथलीट भाग लेंगे।