सितम्बर 27, 2024 7:10 अपराह्न

printer

विश्व पर्यटन दिवस पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया

 

आज विश्व पर्यटन दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। झांसी में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने पर्यटन दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह आयोजन बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया। इस मौके पर पर्यटन मंत्री ने पर्यटन से जुड़े उद्यमियों को सम्मानित करने के साथ पर्यटन साहित्य का विमोचन और चित्रकूट के मोबाइल एप को भी लांच किया। विश्व पर्यटन दिवस पर चित्रकूट में आज 200 स्कूली बच्चों और पर्यटकों को रामायण दर्शन शो निःशुल्क दिखाया गया।

उधर वाराणसी में जिलाधिकारी यश राज लिंगम के नेतृत्व में टूरिज्म गिल्ड की तरफ से होटल ताज से वरूणा पुल तक पर्यटन पद यात्रा निकाली गयी। गोरखपुर में बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उदघाटन महापौर डाक्टर मंगलेश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर पर्यटन पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।