जुलाई 11, 2025 1:50 अपराह्न

printer

विश्व जनसंख्या दिवस आज, बढ़ती जनसंख्‍या की चुनौतियों और अवसरों पर ध्‍यान केंद्रित करने के लिए मनाया जाता है यह दिवस

आज विश्व जनसंख्या दिवस है। यह दिवस हर साल 11 जुलाई को बढ़ती जनसंख्‍या की चुनौतियों और अवसरों पर ध्‍यान केंद्रित करने के लिए मनाया जाता है। पहली बार विश्‍व जनसंख्‍या दिवस 11 जुलाई 1990 को 90 से अधिक देशों में मनाया गया था।
 
 
 
संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा ने दिसम्‍बर 1990 में एक प्रस्‍ताव में विश्‍व जनसंख्‍या दिवस जारी रखने का निर्णय लिया। इसका उद्देश्‍य जनसंख्‍या संबंधी मुद्दों तथा पर्यावरण और विकास के साथ उनके संबंधों के बारे में जागरुकता पैदा करना है।
 
 
 
 
इस वर्ष का विषय है – मां और बच्चे के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए गर्भावस्था का स्वस्थ समय और अंतराल। इस विषय के तहत मातृ और शिशु स्वास्थ्य के लिए नियोजित पालन-पोषण के महत्व पर जोर दिया गया है। इस अवसर पर केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि यह दिवस परिवार नियोजन के बारे में जागरुकता बढ़ाने और जनसंख्‍या संबंधी चुनौतियों के समाधान में भारत के संकल्‍प को नया रूप देने का मंच प्रदान करता है।
 
 
 
 
उन्‍होंने कहा कि आयुष्‍मान आरोग्‍य मंदिरों सहित जनस्‍वास्‍थ्‍य ईकाइयों के जरिए सरकार देशभर में आवश्‍यक परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्‍ध करा रही है। इस वर्ष का नारा है – मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन की तैयारी सही । इसके तहत शारीरिक और भावनात्मक तैयारी के साथ माता-पिता बनने के लिए  सशक्त निर्णयों के महत्व पर जोर दिया गया है।