वियतनाम में तूफान बुआलोई के खतरे वाले क्षेत्रों से हजारों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया है। तूफान तेजी से वियतनाम की ओर बढ़ रहा है। इससे पहले फिलीपींस में इस तूफान के कारण 10 लोगों की मृत्यु हो गई थी।
तूफान के कारण 133 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएँ चल रही हैं। तूफान के आज मध्य वियतनाम में पहुंचने की आशंका है। वियतनाम तट के पास पहुँचने पर इसकी गति धीमी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि तूफान की तीव्रता बहुत अधिक है और इसका प्रभाव व्यापक है। एजेंसी ने कहा कि इस तूफान से तेज़ हवा, भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन सहित कई प्राकृतिक आपदाएं आने की आशंका है।
प्रांत हा तिन्ह में 15 हजार से अधिक लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए हज़ारों सैनिकों को तैनात किया गया है। वियतनाम ने कल दा नांग अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे सहित चार तटीय हवाई अड्डों पर परिचालन स्थगित कर दिया। कई उड़ानों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। तूफ़ान प्रभावित क्षेत्र के स्कूल आज बंद रहेंगे।