वियतनाम ने इस वर्ष के सबसे शक्तिशाली तूफान की आशंका के चलते हवाई अड्डों और स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है। वियतनाम की मौसम एजेंसी अनुसार 166 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाला काजिकी तूफान आज दोपहर देश के तटीय क्षेत्रों पर दस्तक देगा। सरकार ने तूफान काजिकी के आने से पहले 5 लाख 86 हजार से अधिक लोगों को निकालने का आदेश दिया है। इस तूफान से तेज बारिश, बाढ़ और भूस्खलन हो सकता है। वियतनाम सरकार ने सैनिकों और अर्धसैनिक बलों को खोज और बचाव कार्य के लिए तैनात रहने को कहा है।