जुलाई 24, 2025 6:35 अपराह्न

printer

विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के बाद संसद के दोनों सदन स्थगित

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बाद कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा को पहले दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित किया गया, लेकिन दोपहर के भोजन के बाद हंगामा जारी रहने पर सदन को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।

    हंगामे के बीच भारतीय जनता पार्टी के निशिकांत दुबे ने संचार और सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट लोकसभा में प्रस्तुत कीं। भाजपा के जनार्दन मिश्रा ने भी ग्रामीण विकास संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत कीं। बाद में, विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गोआ के विधानसभा क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व का पुनर्समायोजन विधेयक, 2024 को प्रस्तुत किया। लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण विधेयक पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी। 

    इससे पहले, सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू किया। लेकिन विपक्षी सदस्य बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए सदन के आसन के समक्ष आ गए।

    श्री बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद, वे सदस्यों को नियमों के अंतर्गत सभी मुद्दों पर चर्चा की अनुमति देंगे। लेकिन विपक्षी सदस्यों ने उनकी अपील पर ध्यान न देते हुए अपना विरोध जारी रखा। हंगामा जारी रहने पर अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

    इस बीच, राज्‍यसभा में सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होने पर कुछ सूचीबद्ध कार्य संपन्न हुए। राज्यसभा ने तमिलनाडु के छह सेवानिवृत्त सदस्यों को विदाई दी, जिनका आज कार्यकाल पूरा हो गया। इनमें द्रविड मुन्‍नेत्र कझगम के एम मोहम्मद अब्दुल्ला, एम षणमुगम और पी विल्सन, एआईएडीएमके के एन चंद्रशेखरन, एमडीएमके के वाइको और पीएमके के अंबुमणि रामदॉस शामिल हैं। श्री विल्सन राज्यसभा के लिए फिर से निर्वाचित हुए हैं और उनका कार्यकाल कल से शुरू होगा।

    राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने नव मनोनीत सदस्य उज्ज्वल निकम को शपथ दिलाई। यह कार्य पूरा करने के बाद, हरिवंश ने प्रश्नकाल शुरू किया, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने अपने मुद्दों पर नारेबाजी शुरू कर दी। उपसभापति ने हंगामा कर रहे सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की। विपक्षी सदस्‍यों के हंगामा जारी रखने पर उपसभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। दोपहर 2 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के बीच, राज्यसभा में समुद्र मार्ग द्वारा माल परिवहन विधेयक, 2025 प्रस्‍तुत किया गया। अन्नाद्रमुक के एम. थंबीदुरई और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अयोध्या रामी रेड्डी ने चर्चा में भाग लिया। लेकिन लगातार नारेबाजी के कारण सभापति ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।