राज्यसभा की कार्यवाही आज विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी घनश्याम तिवारी ने प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया लेकिन विपक्ष का हंगामा जारी रहा। शोरशराबे के बीच केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रश्नकाल महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रश्न किसानों से जुडे मुद्दे और उनके कल्याण से संबंधित हैं। श्री चौहान ने कहा कि वे विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहते हैं लेकिन विपक्षी सदस्य प्रश्नकाल में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। हंगामे के बाद पीठासीन श्री तिवारी ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, सवेरे 11 बजे राज्यसभा की कार्यवाही शुरु होने पर तमिलनाडु से नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली। मक्कल नीधि मैयम-एमएनएम प्रमुख और फिल्म अभिनेता कमल हासन ने राज्यसभा की शपथ ली। इसके अलावा, रजाथि, एसआर शिवलंगम और डीएमके के पी. विल्सन ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद उपसभापति हरिवंश ने कहा कि उन्हें राजनीतिक दलों से बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण सहित विभिन्न मुद्दों से संबंधित 28 स्थगन प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। लेकिन उन्होंने व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें खारिज कर दिया। उपसभापति ने सदस्यों से निर्धारित मानदंडों के अनुसार शिष्टाचार बनाए रखने की अपील की। लेकिन विपक्ष का हंगामा जारी रहा।