जुलाई 21, 2025 1:07 अपराह्न

printer

विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित

ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के सदस्यों की नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए सदन के आसन के पास आ गए। पीठासीन अधिकारी ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर बैठने और शून्यकाल में भाग लेने की अपील की। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि चर्चा के एजेंडे पर निर्णय लेने के लिए कार्य मंत्रणा समिति की बैठक दोपहर ढाई बजे निर्धारित है। उन्होंने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष के सांसद आसन के समीप आकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।

 

    रक्षा मंत्री और लोकसभा में उपनेता राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार किसी भी प्रस्तावित विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

    इससे पहले, सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर, आठ पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि दी गई। सदन ने पहलगाम आतंकवादी हमले और एयर इंडिया AI-171 विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। विभिन्न राज्यों में प्राकृतिक आपदाओं में हुए जान-माल के नुकसान पर भी दुख व्यक्त किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की सफल यात्रा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि पर सदन में विस्तृत चर्चा होगी।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला