महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस ने आज कहा कि विपक्ष के पास विकास को लेकर कोई दूरदृष्टि नहीं है। मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने के दावों को खारिज करते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई महाराष्ट्र का अभिन्न अंग बना रहेगा। नगर निगम चुनाव से पहले छत्रपति संभाजीनगर में एक वार्ता के बाद संवाददाताओं से उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने अहिल्यानगर में रैलियां भी कीं और नागपुर के नागरिकों के साथ एक संवाद सत्र भी आयोजित किया।
मुंबई, ठाणे, पुणे, नागपुर, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर सहित 29 नगर निगमों के लिए मतदान में एक सप्ताह से भी कम समय बचा है, ऐसे में राजनीतिक दल मतदाताओं तक पहुंचने के प्रयास कर रहे हैं। शिवसेना नेता और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नवी मुंबई में रोड शो किया, वहीं एनसीपी प्रमुख अजीत पवार ने पिंपरी-चिंचवाड़ जिले में कई जनसभाएं कीं।
इस बीच, एनसीपी-शरदचंद्र पवार नेता सुप्रिया सुले ने भी नवी मुंबई में चुनावी रैलियां कीं। एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना-यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने घोषणा की है कि वे रविवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में एक संयुक्त रैली आयोजित करेंगे।