फ़रवरी 2, 2026 9:20 अपराह्न

printer

बार-बार व्यवधान के बाद लोकसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक से संबंधित टिप्पणी पर हंगामे के कारण तीन बार बाधित हुई। शाम 4 बजे दूसरे स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही फिर से शुरू होने पर राहुल गांधी ने दोबारा अप्रकाशित पुस्तक का जिक्र किया, जिस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने आपत्ति दर्ज की। राहुल गांधी ने कहा कि वह इस मामले को इसलिए उठा रहे हैं क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित है। पीठासीन अधिकारी ने राहुल गांधी को अध्यक्ष के निर्देश की याद दिलाई और उनसे धन्यवाद प्रस्ताव के विषय पर ही बोलने का आग्रह किया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी से केवल धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने को कहा। अध्यक्ष की बार-बार अपील के बावजूद राहुल गांधी नहीं माने जिसके कारण सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

दूसरे स्‍थगन से पहले राहुल गांधी के इस विषय पर बात करने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन पर मनगढ़ंत और तथ्यात्मक रूप से गलत उदाहरण देकर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जब किताब प्रकाशित ही नहीं हुई है, तो राहुल गांधी उससा उदाहरण कैसे दे सकते हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को सेना का अपमान नहीं करना चाहिए। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही को शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित किया गया।

श्री गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत में पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक का जिक्र किया, जिस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति जताते हुए कहा कि श्री गांधी को इस विषय पर बात नहीं करनी चाहिए क्योंकि पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है। अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि चर्चा राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर है, इसलिए श्री गांधी को अभिभाषण पर ही बात करनी चाहिए। हंगामे के जारी रहने पर अध्यक्ष ने सदन को शाम 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला