अक्टूबर 14, 2025 9:06 अपराह्न

printer

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट की पहली औचक जांच पूरी: निर्वाचन आयोग

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट की पहली औचक जांच पूरी हो गई है। दूसरे चरण में, राज्य के 20 जिलों के 122 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। आयोग ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारियों ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम प्रबंधन प्रणाली की औचक जांच पूरी की।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि इस जांच की निर्वाचन क्षेत्रवार सूची सभी राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई थी। आयोग ने कहा कि इन ईवीएम और वीवीपैट को राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संबंधित विधानसभा के स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। यह सूची सभी प्रत्‍याशियों के साथ भी साझा की जाएगी। आयोग ने विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए ईवीएम और वीवीपीएटी की औचक जांच पहले ही पूरी कर ली थी। पहले चरण में राज्‍य की 121 सीट पर मतदान होगा।