विद्युत मंत्रालय ने आज राष्ट्रीय विद्युत नीति 2026 का नया मसौदा जारी किया है। इसका उद्देश्य विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विद्युत क्षेत्र में परिवर्तन लाना है। मंत्रालय के अनुसार इस नीति का लक्ष्य 2030 तक प्रति व्यक्ति बिजली खपत को दो हजार किलोवाट घंटे और 2047 तक चार हजार किलोवाट घंटे से अधिक करना है। 2024-25 में प्रति व्यक्ति बिजली खपत एक हजार 460 किलोवाट घंटे तक थी।
यह नीति भारत की जलवायु प्रतिबद्धताओं के अनुरूप भी है, जिसमें 2030 तक उत्सर्जन तीव्रता में 45 प्रतिशत की कमी शामिल है। मंत्रालय ने कहा कि ये मसौदा भविष्य को देखते हुए, आर्थिक रूप से व्यवहार्य और पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ विद्युत क्षेत्र के लिए एक व्यापक खाका प्रदान करता है। इससे किफायती दरों पर विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी। यह नीति 2005 में अधिसूचित मौजूदा राष्ट्रीय विद्युत नीति का स्थान लेगी।