विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने आज संसदीय स्थायी समिति को भारत और पाकिस्तान के संबंध में मौजूदा विदेश नीति के घटनाक्रमों पर जानकारी दी। उन्होंने कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली समिति को ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद पाकिस्तान के साथ संघर्ष विराम की घोषणा के बारे में जानकारी दी।
किसी शीर्ष सरकारी अधिकारी ने पहलगाम आतंकी हमले और पाकिस्तान तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर भारत की कार्रवाई के बाद विदेश नीति के घटनाक्रमों पर संसदीय पैनल को पहली बार जानकारी दी है।
मीडिया से बातचीत में श्री शशि थरूर ने कहा कि बैठक में स्थायी समिति के 24 सदस्यों के साथ उनकी बहुत व्यापक, समृद्ध और विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि समिति ने कई प्रकार से कई रचनात्मक मुद्दों को उठाया है और विभिन्न सवालों के संतोषजनक जवाब दिए हैं।