विदेश मंत्री डा. एस. जयशंकर ने पेरिस में फ्रांस-भारत वाणिज्य एवं उद्योग चैंबर द्वारा आयोजित फ्रांस-भारतीय युवा प्रतिभा कार्यक्रम के प्रतिभागियों से बातचीत की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में डा. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने युवाओं से विश्व में हो रहे बदलावों और इस संदर्भ में भारत-फ्रांस सहयोग के महत्व पर चर्चा की। विदेश मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल के साथ भी मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य पर उनके मूल्यांकन और भारत के विकास के प्रति उनके समर्थन की सराहना की।
डॉ. जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान फ्रांस के बड़े नेताओं के साथ बैठक के अलावा विदेश मंत्री जीन नोएल बैरोट के साथ भी बैठक करेंगे। विदेश मंत्री भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक महत्व के मामलों पर हुई प्रगति की चर्चा करेंगे। वे सम्मानित अतिथि के रूप में 31वें फ्रांस राजदूतों के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। यात्रा के दूसरे चरण में विदेश मंत्री लक्जमबर्ग जाएंगे। वहां वे लक्जमबर्ग के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जेवियर बेटेल और वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। श्री जयशंकर लक्जमबर्ग में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ भी बातचीत करेंगे।