अक्टूबर 10, 2025 2:21 अपराह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आतंकवाद से निपटने के लिए भारत और अफगानिस्तान से मिलकर काम करने का आह्वान किया

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आतंकवाद के सभी रूपों का मुकाबला करने के लिए, भारत और अफ़ग़ानिस्तान के, मिलजुल कर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया है। नई दिल्ली में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मावलवी अमीर खान मुत्तकी के साथ बैठक के दौरान अपने प्रारंभिक बयान में, डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देश विकास और समृद्धि के लिए समान प्रतिबद्धता रखते हैं।

 

 

विदेश मंत्री ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान के विकास और प्रगति में भारत की गहरी रुचि है। उन्होंने कहा कि सरकार, अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विदेश मंत्री ने काबुल में भारत के तकनीकी मिशन को भारतीय दूतावास के स्तर पर उन्नत करने की भी घोषणा की।

 

 

डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत छह नई परियोजनाओं के लिए सद्भावना स्वरूप 20 एम्बुलेंस उपहार में देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत, अफ़ग़ानिस्तान के अस्पतालों को एमआरआई तथा सीटी स्कैन मशीनें और टीकाकरण के लिए टीके भी उपलब्ध कराएगा।

 

 

इस अवसर पर अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा कि उनका देश किसी भी ताकत को अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन का इस्तेमाल दूसरे देशों के ख़िलाफ़ करने या उन्‍हें धमकाने की इजाज़त नहीं देगा। अमीर खान मुत्तकी कहा कि अफ़ग़ानिस्तान ने कभी भी भारत के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी नहीं की है और हमेशा भारत के साथ अच्छे संबंधों को महत्व दिया है। उन्होंने  कहा कि अफ़ग़ानिस्तान आपसी सम्मान, व्यापार और लोगों के बीच परस्‍पर रिश्‍तों पर आधारित संबंध चाहता है।