जुलाई 11, 2025 11:15 पूर्वाह्न

printer

विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की

विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की विदेश यात्राओं पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है और उन्हें गैर-ज़िम्मेदाराना और खेदजनक बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मान का नाम लिए बिना कहा कि वैश्विक दक्षिण के मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों के बारे में टिप्पणियाँ गैर-ज़िम्मेदाराना और खेदजनक हैं जो शोभा नहीं देतीं।

 

 

श्री जायसवाल ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि भारत सरकार ऐसी अनुचित टिप्पणियों से खुद को अलग करती है जो मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों को कमज़ोर करती हैं। विदेश मंत्रालय की यह प्रतिक्रिया पंजाब के मुख्‍यमंत्री की उस टिप्‍पणी के बाद आई है जिसमें उन्‍होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने हाल ही में छोटी आबादी वाले देशों की यात्रा की है।