वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय बजट पेश होने के बाद देश के विभिन्न क्षेत्रों के लगभग तीस महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से बातचीत करेंगी। इस पहल के अंतर्गत महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को लोकसभा गैलरी से केंद्रीय बजट का सीधा प्रसारण देखने का अवसर भी मिलेगा।
वित्त मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि इससे उन्हें साल की सबसे महत्वपूर्ण संसदीय कार्यवाही में से एक को देखने का अवसर मिलेगा। ये विद्यार्थी भारत के विभिन्न राज्यों से वाणिज्य, अर्थशास्त्र, चिकित्सा और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों सहित विभिन्न शैक्षणिक विषयों से आते हैं। विद्यार्थी कर्तव्य भवन-1 स्थित वित्त मंत्रालय का दौरा भी करेंगे और मंत्रालय के कामकाज, नीति निर्माण प्रक्रियाओं और राष्ट्र निर्माण में संस्थानों की भूमिका को समझने के लिए विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करेंगे। शाम को, वित्त मंत्री विद्यार्थियों से बातचीत करेंगी और बजट की प्रमुख प्राथमिकताओं, भारत के भविष्य के लिए इसके दृष्टिकोण और युवाओं पर इसके प्रभावों पर खुलकर चर्चा करेंगी।
इस संवाद के दौरान छात्र अपने विचार, दृष्टिकोण और आकांक्षाएं साझा करेंगे तथा युवाओं और राष्ट्र के बारे में अपने विचार रखेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्त, अर्थशास्त्र, शासन और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के बारे में अधिक जागरूक बनाना है।