दिसम्बर 7, 2025 5:51 अपराह्न

printer

विज्ञान महोत्सव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा—नवाचार का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वैज्ञानिकों से आग्रह किया है कि उनके नवाचारों के लाभ प्रयोगशाला तक सीमित न रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज पंचकूला में 11वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के दूसरे दिन के सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विज्ञान तभी समृद्धि लाता है जब वैज्ञानिकों का ज्ञान किसान की फसल की पैदावार बढ़ाता है, जब अनुसंधान किसी मरीज की बीमारी का इलाज करता है और जब नवाचार किसी उद्यमी को सशक्त बनाता है।

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस कार्यक्रम में छात्र विज्ञान और प्रौद्योगिकी गांव का उद्घाटन किया। इस गाँव को आधुनिक भारत का ‘नया नालंदा’ कहा गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विज्ञान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और विज्ञान तथा नवाचार के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों में गहरी रुचि दिखाई। युवाओं, छात्रों और वैज्ञानिकों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विज्ञान केवल एक करियर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि यही पीढ़ी भारत को विकसित राष्ट्र बनाएगी। चार दिन के इस ‘विज्ञान महाकुंभ’ में देश-विदेश से 40 हजार से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।