विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने न्यूजीलैंड के विज्ञान मंत्री शेन रेती से इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के दौरान वार्ता की

विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में न्यूजीलैंड के विज्ञान मंत्री  शेन रेती के साथ वार्ता की। यह बैठक इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्‍मेलन के दौरान हुई।

इस दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच मजबूत और प्रगतिशील संबंधों ने विज्ञान और नवाचार सहयोग को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल वातावरण बनाया है। श्री सिंह ने बायो-ई-3 मिशन और लगभग दस हजार स्टार्टअप्स को समर्थन देने वाले बायो-इनक्यूबेटर नेटवर्क का उल्‍लेख किया। दोनों पक्षों ने जलवायु-अनुकूल फसलों, पशुधन और डेयरी जीनोमिक्स, मृदा माइक्रोबायोम अनुसंधान, वैकल्पिक प्रोटीन, न्यूट्रास्यूटिकल्स और कार्बन कैप्चर प्रौद्योगिकियों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई और स्वच्छ ऊर्जा पर भी चर्चा हुई। इनमें हरित हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, महासागर आधारित ऊर्जा और भूतापीय अनुसंधान शामिल हैं।