अक्टूबर 12, 2024 2:50 अपराह्न

printer

विजयादशमी पर रांची के मोरहाबादी मैदान समेत कई जगहों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को जलाया जाएगा

विजयादशमी पर आज शाम रांची के मोरहाबादी मैदान समेत कई जगहों पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को जलाया जाएगा। पंजाबी हिंदू बिरादरी के अध्यक्ष सुधीर उग्गल ने बताया कि इस बार मुख्य आकर्षण खास आतिशबाजी होगी, जो प्रदूषण और धुआं रहित होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ शामिल होंगे।

 

इस वर्ष रांची के आठ प्रमुख स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतला दहन के साथ आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि रावण दहन के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

 

जमशेदपुर में भी विभिन्न कमिटियों की ओर से अलग-अलग दिन रावण दहन किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि आज गोविंदपुर में और बागुनहातु में कल रावण का पुतला दहन किया जाएगा।  

 

गुमला जिला मुख्यालय स्थित परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आज शाम विजयादशमी के मौके पर रावण दहन किया जायेगा।