जनवरी 3, 2026 10:32 अपराह्न

printer

विकसित भारत 2047 में तकनीक और युवा शक्ति की अहम भूमिका: अश्विनी वैष्णव

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत ने प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि देश के प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रगति में 4-जी और 5-जी नेटवर्क, सेमीकंडक्टर चिप तथा दूरसंचार उपकरणों में बड़ी उन्नति शामिल है। उन्होंने आज नई दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी और श्रीकांत शंकर जोशी की स्मृति में आयोजित पंच परिवर्तन कार्यक्रम में यह बात कही।

श्री वैष्‍णव ने बताया कि देश के विनिर्माण क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और आवश्यक वस्तुओं के उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि केवल 11 वर्ष पूर्व, 99 प्रतिशत मोबाइल फोन विदेश से आयात किए जाते थे, लेकिन वर्तमान में 99 प्रतिशत मोबाइल फोन भारत में ही निर्मित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश अब अन्य दूरसंचार उपकरणों का निर्यातक बन गया है।

श्री वैष्णव ने कहा कि पांच हजार वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत के साथ, पंच परिवर्तन की भावना भारत के स्थायी मूल्यों की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने के लिए देश की युवा शक्ति और तकनीकी प्रगति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।