युवा कार्य और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की सफलता के बाद ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026 का आज शुभारंभ किया। यह राष्ट्रव्यापी युवा-केंद्रित पहल कल से शुरू होगी और इसका उद्देश्य देश के युवाओं को केंद्रीय बजट की बेहतर समझ प्रदान करना, बजटीय प्रावधानों को अधिक सुलभ, प्रासंगिक और नागरिक-केंद्रित बनाना है। यह पहल एक संरचित और सहभागी ढांचे के माध्यम से देश भर के कॉलेजों, संस्थानों और कोचिंग केंद्रों के युवाओं को शामिल करके बजट को लोगों के दैनिक जीवन से जोड़ने का प्रयास करती है। श्री मांडविया ने कहा कि इसके माध्यम से सरकार युवाओं को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
डॉ. मांडविया ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला चरण ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं के लिए 17 फरवरी तक खुला रहेगा। इसके बाद प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा और वे 17 फरवरी से 3 मार्च तक चलने वाले दूसरे निबंध लेखन चरण में शामिल होंगे। इस चरण में युवाओं को विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप केंद्रीय बजट से संबंधित आठ विषय दिए जाएंगे। प्रतियोगिता की योग्यता सूची 10 मार्च को घोषित की जाएगी। विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद करने का अवसर भी मिलेगा।