जनवरी 13, 2026 6:15 अपराह्न

printer

विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब देश के युवा नशामुक्त, स्वस्थ और उद्देश्यपूर्ण हों: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब देश के युवा नशामुक्त, स्वस्थ और उद्देश्यपूर्ण हों। उन्‍होंने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के नशामुक्त परिसर अभियान को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने नशामुक्त परिसरों के लिए एक समर्पित ई-प्रतिज्ञा मंच और मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया।

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन एक सामाजिक चुनौती तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। श्री राधाकृष्णन ने विद्यार्थियों से सक्रिय रूप से भाग लेने और नशामुक्त परिसर के लिए प्रतिज्ञा लेने का आग्रह किया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि नशा लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश की सबसे बड़ी संपत्ति है और उनकी प्रतिभा, नवाचार और उत्पादकता देश के आर्थिक विकास की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा कौशल हासिल करने और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने में अधिक सक्षम होते हैं, जिससे देश की आर्थिक प्रगति मजबूत होती है।

उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि मादक पदार्थों से जुड़ा आतंकवाद, नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवाद से घनिष्ठ रूप से संबंधित है। उन्होंने कहा कि लोगों को मादक पदार्थों के माफिया के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
इस अवसर पर, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नशामुक्त परिसर अभियान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है। उन्होंने शिक्षकों और प्रशासकों के लिए एक ऐसा परिसर वातावरण बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया जो विद्यार्थियों के कल्याण को प्राथमिकता देता हो।