विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ- 2025 के तहत केंद्र सरकार के एक दल ने आज पौड़ी गढ़वाल के सुदूरवर्ती विकासखण्ड बीरोंखाल में किसानों से संवाद किया। इस दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के उप सचिव, अनूप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बीरोंखाल पहुंचे दल ने किसानों को इस अभियान की जानकारी दी।
श्री बिष्ट ने किसानों के साथ उनकी मातृभाषा गढ़वाली में संवाद करते हुए उन्हें कृषि संबंधित योजनाओं, नई कृषि तकनीकों, बीजों की उन्नत किस्मों, नवाचार, जल प्रबंधन, जैविक खेती की वैज्ञानिक विधियों और उन्नत कृषि शोधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषि नवाचार में किए गए शोध को क्रियान्वित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय काश्तकार किरन बिष्ट ने कहा कि इस संवाद में उन्हें कृषि से संबंधित कई जानकारियां मिलीं, जो काफी लाभकारी हैं।
 
									 
						 
									 
									 
									 
									