राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-एन.सी.आर और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के प्रवर्तन कार्य बल ने वायु प्रदूषण को कम करने के लिए किए गए निरीक्षण और प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने बताया कि यह समीक्षा कार्य बल की 124वीं बैठक के दौरान हुई।
इस माह की 7 से 19 तारीख के बीच किए गए निरीक्षणों में उद्योगों, डीजल जनरेटर सेट, निर्माण और विध्वंस स्थलों, सड़क की धूल और बायोमास तथा नगरपालिका ठोस अपशिष्ट जलाने जैसी प्रमुख प्रदूषण स्रोतों को शामिल किया गया।
आयोग ने पाया कि निरीक्षणों के बाद नौ रेडी-मिक्स कंक्रीट संयंत्रों को बंद करने की सिफारिश की गई है। अब तक, एनसीआर में 25 हजार से अधिक इकाइयों और परियोजनाओं का निरीक्षण किया जा चुका है। इसमें एक हजार से अधिक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
वहीं, इनमें से 1200 से अधिक इकाइयों को अनुपालन के बाद परिचालन फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई है। आयोग ने कहा कि एनसीआर में वायु प्रदूषण के प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त प्रवर्तन, हितधारकों का अनुपालन और सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।