आईसीसी पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप में, वेस्ट इंडीज ने कल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड को 30 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए, वेस्ट इंडीज ने शेरफेन रदरफोर्ड के 76 रनों की नाबाद पारी की मदद से अपने 20 ओवरों में 196 रन छह विकेट पर बनाए। जवाब में, इंग्लैंड 19 ओवरों में 166 रनों पर ऑल आउट हो गई। वेस्ट इंडीज के लिए गुडाकेश मोती ने तीन विकेट लिए।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने कोलंबो में आयरलैंड को 67 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए, ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवरों में 182 रन छह विकेट पर बनाए। इसके बाद आयरलैंड 16.5 ओवरों में 115 रनों पर ऑल आउट हो गई।
एक अन्य मुकाबले में, दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रोमांचक डबल सुपर ओवर मुकाबले में अफगानिस्तान को हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए, दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवरों में 187 रन छह विकेट पर बनाए। अफगानिस्तान की टीम 19.4 ओवर में 187 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसके चलते मैच सुपर ओवर में चला गया। पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए, और दक्षिण अफ्रीका ने भी उतने ही रन बनाकर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 23 रन बनाए, जबकि अफगानिस्तान ने सिर्फ 19 रन ही बनाए। जिससे दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे सुपर ओवर में चार रन से यह मुकाबला जीत लिया।