वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और ब्रिटेन के बीच हाल में हुए मुक्त व्यापार समझौते –एफटीए को क्रांतिकारी बदलाव बताया है। नई दिल्ली में श्री गोयल ने कहा कि यह समझौता कई क्षेत्रों में व्यापक अवसर खोलता है और साथ ही मूल हितों की रक्षा भी करता है। वाणिज्य मंत्री ने एफटीए में प्रबल योगदान सम्मेलन समझौते को शामिल करने की भी सराहना की। उन्होंने इसे भारत का अब तक का सबसे बड़ा और व्यापक व्यापार समझौता बताया। इसने भारत की वैश्विक व्यापार साझेदारी के लिए नया मानदंड स्थापित किया है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया और कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उनका ऐतिहासिक चार हजार 78 दिनों का कार्यकाल लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता और विश्वास को दर्शाता है।
श्री गोयल ने कहा कि एक निजी अंतरराष्ट्रीय फर्म की रिपोर्ट के अनुसार श्री मोदी को 75 प्रतिशत की अनुमोदन रेटिंग के साथ दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में दर्शाया गया है।
श्री गोयल ने करगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के सभी वीर सैनिकों के पराक्रम को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि यह दिन लोगों को याद दिलाता है कि भारत की धरती का एक-एक इंच कितना महत्व रखता है। उन्होंने आगे कहा कि भारत आज भी अपनी शक्ति का प्रदर्शन जारी रखता है और राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता पर आने वाले किसी भी खतरे का मुंहतोड़ जवाब देता है।