वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा है कि भारत की बढ़ती वैश्विक व्यापार साझेदारियों ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों-एमएसएमई के लिए अपार अवसर खोले हैं। नई दिल्ली में आज एफ.आई.सी.सी. एफ.एल.ओ. राष्ट्रीय एमएसएमई पुरस्कार समारोह में श्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत, यूरोपीय संघ और अमरीका जैसे प्रमुख देशों और क्षेत्रीय समूहों के साथ कई मुक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत के अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से विकसित देशों के बाजारों के एक बड़े हिस्से तक पहुंच हासिल हो रही है और भारतीय उद्यमों के लिए महत्वपूर्ण निर्यात अवसर सृजित हो रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की एक अरब 40 करोड़ की आबादी अब एक महत्वाकांक्षी उपभोक्ता वर्ग है और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद और सेवाएं चाहता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती घरेलू मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बेहतर पहुंच एमएसएमई को वैश्विक स्तर पर अपार अवसर प्रदान करती है। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट का उल्लेख करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय प्रगति में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और महिला उद्यमियों तथा पुरस्कार विजेताओं से उभरती प्रौद्योगिकियों का प्रभावी उपयोग करने को कहा।
महिलाओं को सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि उद्यमिता को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई पहलों से आर्थिक गतिविधियों और उद्यम विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। इस अवसर पर एफ.आई.सी.सी. एफ.एल.ओ. की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम शर्मा ने कहा कि एफ.आई.सी.सी. एफ.एल.ओ. राष्ट्रीय एमएसएमई पुरस्कार महिलाओं में नवाचार, नेतृत्व और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए मंच प्रदान करते हैं।
News On AIR | मार्च 9, 2026 8:47 अपराह्न | वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद
वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद: वैश्विक व्यापार साझेदारियों से एमएसएमई के लिए बढ़े अवसर