फ़रवरी 21, 2026 10:31 अपराह्न

printer

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ब्राजील यात्रा को भारत-ब्राजील संबंधों के लिए निर्णायक मोड़ बताया

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा की भारत यात्रा दोनों देशों के संबंधों में एक निर्णायक मोड़ है। नई दिल्ली में आज भारत-ब्राजील व्यापार फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि दोनों देशों के संबंध लोकतंत्र, विविधता और विकास की साझा आकांक्षाओं की नींव पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि यह संबंध परस्‍पर बढ़ते सहयोग और लोगों के बीच संबंधों से प्रेरित एक मजबूत बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है। उन्होंने बताया कि रक्षा, ऊर्जा, कृषि और कृषि रसायन जैसे कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। श्री गोयल ने कहा कि स्वास्थ्य, फार्मा, खनिज, विमानन और अन्य क्षेत्रों में भी ब्राजील के साथ सहयोग बढ़ रहा है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, ए आई और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

श्री गोयल ने बताया कि पिछले वर्ष द्विपक्षीय व्यापार 25 प्रतिशत की वृद्धि से 15 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। उन्‍होंने इसे असंतोषजनक बताते हुए दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दोनों देशों को साझा समृद्धि के लिए तेजी से व्‍यापक स्‍तर पर मिलकर विकास के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत कई अन्य देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा है। श्री गोयल ने कहा कि भारत ने इज़राइल और खाड़ी सहयोग परिषद के साथ मुक्त व्यापार समझौतों-एफटीए के लिए संदर्भ शर्तों को अंतिम रूप दे दिया है। उन्होंने निकट भविष्य में भारत और कनाडा के बीच एफटीए वार्ता शुरू होने की आशा व्‍यक्‍त की। श्री गोयल ने पूर्व में किए गए मुक्‍त व्‍यापार समझौतों की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारतीय निर्यातकों को उच्च आय वाले देशों में बाजार पहुंच हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से भारत वैश्विक मूल्य श्रृंखला के केंद्र में आ गया है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला