नवम्बर 27, 2025 6:43 अपराह्न

printer

वयस्कों में होने वाली मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी 50% समस्याएं 14 वर्ष की उम्र में शुरू हो जाती हैं: एम्स

 

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान -एम्स के अनुसार वयस्कों में होने वाली मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी 50 प्रतिशत से अधिक समस्याएं 14 वर्ष की उम्र में ही शुरू हो जाती हैं।

 

एम्स, नई दिल्ली के मनोरोग विभाग के प्रोफेसर, डॉ. राजेश सागर ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि इस आयु वर्ग के बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है। डॉ. सागर ने कहा कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेलना और सक्रिय रहना अत्यंत आवश्यक है।

 

आज के समय में शहरों में पार्कों और खुले स्थानों की कमी के कारण बच्चों की शारीरिक गतिविधियाँ कम हो रही हैं, जिसका नकारात्मक प्रभाव उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

 

डॉ. सागर ने बच्चों में मानसिक समस्याओं के शुरुआती लक्षणों की पहचान करने पर जोर देते हुए कहा कि घर और स्कूल में सहायक और संवेदनशील वातावरण बनाना बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के व्यवहार में हो रहे बदलावों को गंभीरता से लें और समय पर सहायता उपलब्ध कराएं।