अप्रैल 17, 2024 9:48 अपराह्न

printer

लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं

प्रदेश में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर के सुभाष स्टेडियम में खेली जा रही अंतर विभागीय स्वीप क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले को जीतकर स्मार्ट सिटी रायपुर ने फाइनल में जगह बनाई है। इस स्वीप क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत बढ़ाना और  लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना है।
वहीं, रायपुर नगर निगम ने कैनोइंग क्लब के साथ मिलकर आज राजधानी के विवेकानंद सरोवर में ‘‘बोट पर वोट’’ नाम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर तैराकों ने बोट में मतदान संदेश लिखे हुए प्ले कार्ड्स के साथ करतब भी दिखाए। इस मौके पर मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों को मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।
इसी तरह, कोरिया जिले के ग्राम पंचायत पुसला, मेंड्रा और तंजारा की  महिलाओं और युवाओं ने मशाल रैली निकालकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। इस मौके पर उन्होंने ’मतदान करबो-कराबो’ का संदेश देते हुए लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
इस बीच, छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर भी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले ने मिलकर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का लक्ष्य प्रवासी मजदूरों को मतदान करने के लिए जागरूक करना था। यह पहली बार था जब दोनों राज्यों ने मिलकर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत प्रवासी मजदूरों को एसएमएस करने के साथ ही फोन के माध्यम से मतदान करने की सूचना दी जाएगी।
वहीं, दुर्ग जिले में मतदाता जागरूकता के तहत एक नवाचारी अभियान डॉ विश्वनाथ पाणिग्राही द्वारा शुरू किया गया है। वे हल्दी, पीला चावल युक्त मतदान नेवता देने जगह जगह पहुंच रहे हैं। उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही आंगनबाड़ी, कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ जनों, स्व सहायता समूह की महिलाओं को नेवता दिया है। इसके अलावा कॉलेज जाकर युवाओं को भी मतदान करने का नेवता दे रहे हैं।
उधर, महासमुंद के शासकीय पॉलीटेक्निक में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने तथा ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। साथ ही संस्था परिसर से ग्राम बारोंडा बाजार तक मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला