फ़रवरी 5, 2026 5:07 अपराह्न

printer

लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के बाद कार्यवाही की गई स्थगित

लोकसभा में, भारत-अमरीका व्यापार समझौते सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण, कार्यवाही में लगातार व्यवधान की स्थिति बनी रही। सदन में निरंतर हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विरोध कर रहे सांसदों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कल उनके अभद्र व्यवहार के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर अपना उत्तर देने के लिए सदन में उपस्थित नहीं हो सके। आज सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई और अंततः दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

    तीसरे स्थगन के बाद दोपहर तीन बजे से दोबार कार्यवाही शुरू होते ही, कांग्रेस, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्‍य सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सदन के बीचों-बीच आ गए। हंगामे के बीच, अध्‍यक्ष ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्‍यों के व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि कल सदन के भीतर और उनके कक्ष में इन सदस्‍यों का आचरण संसदीय मानदंडों और मर्यादा के अनुरूप नहीं था। उन्होंने विपक्ष के इस आचरण को संसदीय इतिहास में एक काला धब्बा बताया। अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कल उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव पर अपना उत्तर देने के लिए सदन में न आने की सलाह दी थी, क्योंकि उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कांग्रेस के सदस्‍य लोकसभा में प्रधानमंत्री की सीट के सामने पहुंचकर अप्रत्याशित घटना को अंजाम दे सकते हैं। अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा कि उन्होंने इस स्थिति से बचने के लिए प्रधानमंत्री को सदन में न आने का आग्रह किया था।

    इससे पहले, जब लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई तो अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष के पास पहुँचने के विपक्षी सदस्यों के व्यवहार पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार उचित नहीं था और सदन की गरिमा के विरुद्ध था। अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन की मर्यादा बनाए रखना सभी सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि सदन की गरिमा नहीं बनाए रखी जाती है, तो अध्यक्ष के लिए सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करना मुश्किल होगा। हंगामे के बीच उन्होंने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला