जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने कहा कि एक जून को होने वाले मतदान में समाज के सभी वर्गों को बढ़ चढ़ कर मतदान में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव लोकतंत्रत का महापर्व है और इस पर्व में हमें वोट के रूप में अपने संवैधानिक दायित्व को पूरा करना करने का संकल्प लेना चाहिए। उपायुक्त सुमित खिमटा शनिवार को नाहन में स्वीप गतिविधियों के तहत आयोजित जिला स्तीरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग और हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशानुसार हम सिरमौर जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विभिन्न स्वीप कार्यक्रमों का लगातार आयोजन कर रहे हैं और आज का जिला स्तरीय आयोजन भी इसी कड़ी का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि उप मंडल स्तर के अलावा जिला की 259 पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। सुमित खिमटा ने कहा कि आज यह एक अदभुत संयोग है कि इस कार्यक्रम में लोकतंत्र के स्तंभ हमारे 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाता, दिव्यांग मतदाता और 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नवीन मतदाता एक साथ एक मंच पर उपस्थित है। उन्होंने कहा कि इन सब वर्गों की उपस्थिति यह दर्शाती है भारतीय लोकतंत्र कितना मजबूत और कितना सुदृढ़ है जहां देश का हर नागरिक जिम्मेवारीपूर्ण ढंग से निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा बनता है।उपायुक्त ने कहा कि इस कार्यक्रम में वरिष्ठ मतदाता, दिव्यांग मतदाता, नव मतदाता के अलावा स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम सिरमौर जिला में लोकतंत्र की मजबूती के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा।
4 मई तक बनवा सकते हैं छूटे हुये मतदाता अपना वोट
उपायुक्त सुमित खिमटा ने कहा कि आगामी 4 मई तक ऐसे पात्र मतदाता जो किसी कारण वश अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने से छूट गये हैं अपना नाम मदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में शमिल होने का कार्य ऑनलाईन और ऑफ लाईन दोनों माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने सभी छूटे हुये पात्र मदाताओं से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने का आग्रह किया ताकि एक जून को सभी पात्र लोग अपने मत का प्रयोग कर सकें।
स्थानीय बार्किंग डियर बना सिरमौर में चुनाव का शुभंकर
सुमित खिमटा ने स्थानीय बार्किंग डियर यानि (काकड़) को चुनाव शुभांकर (मास्कॉट) के रूप में आज मंच से लोकार्पित किया। उन्होंने कहा कि यह बार्किंग डियर जिला में पाये जाने वाला खूबसूरत वन्य जीव है जो कि स्मृद्धि और खुशहाली का प्रतीक है।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किये सांस्कृतिक कार्यक्रम
जिला स्तरीय मतदाता दिवस के अवसर पर जेबीटी, आईटीआई तथा नेहरू युवा केन्द्र के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। आईटीआई के विद्यार्थियों की ओर से मतदान जागरूकता पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। जेबीटी विद्यार्थियों द्वारा समूहगान और भाषण प्रस्तुत किये गये। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों में वात्सल, मीनाक्षी, जया ठाकुर, तनिष्का पुंडीर, राहुल ठाकुर आदि शामिल रहे। मतदान जारूगता पर एक सुंदर गीत की स्वीप के ब्लॉक नोडल आफिसर अनिल शर्मा ने डाईट के विद्यार्थियों के साथ मिलकर प्रस्तुत दी। प्रताप पराशर सीपीओ द्वारा मतदान जागरूगता पर पहाड़ी और हिन्दी में कविता प्रस्तुत की गई।