मई 24, 2024 7:45 पूर्वाह्न

printer

लोकसभा चुनाव: बिहार में अंतिम चरण के चुनाव के लिए कई प्रमुख नेता प्रचार में जुटे

बिहार में लोकसभा चुनाव के सातवें यानी अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार जोरो पर है। राज्‍य में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, आई.एन.डी.आई गठबंधन और अन्य दलों के नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसभाएं कर रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह आज आरा लोकसभा क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार काराकाट संसदीय क्षेत्र के नोखा में जनसभा करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी जहानाबाद लोकसभा सीट के लिए रैली करेंगे।

आई.एन.डी.आई गठबंधन से राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वामदलों के नेता अपने उम्‍मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव और विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश साहनी ने कल विभिन्‍न लोकसभा क्षेत्रों में कई चुनावी रैली की।

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बक्‍सर में पार्टी उम्‍मीदवार के लिए रैली की। उन्‍होंने दावा किया कि भाजपा दोबारा सत्‍ता में नहीं आ रही है और लोकसभा चुनाव में भाजपा तथा उसके साथी दलों को लोग सबक सिखाएंगे।