लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आज छह राज्यों और दो केन्द्रशासित प्रदेशों के 58 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं। बिहार की आठ, हरियाणा की सभी दस, दिल्ली की सभी सात, झारखंड की चार, ओडिशा की छह, उत्तरप्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्मू कश्मीर की एक सीट पर मतदान हो रहा है। ओडिशा विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 42 निर्वाचन क्षेत्रों में भी वोट डाले जा रहे हैं। आज ही हरियाणा की करनाल और उत्तर प्रदेश की गैंसडी सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है। मतदान सवेरे सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा।
दोपहर बाद तीन बजे तक 49 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। पश्चिम बंगाल में 70 प्रतिशत से अधिक, झारखंड में 54 प्रतिशत से अधिक, ओडिशा में 48 प्रतिशत से अधिक तथा हरियाणा में 46 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। बिहार में 45 प्रतिशत से अधिक, जम्मू कश्मीर में 44 प्रतिशत से अधिक, दिल्ली में लगभग 45 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में लगभग 44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
ओडिसा विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 48 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है।
लोकसभा चुनाव के इस चरण में कुल आठ सौ नवासी उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र प्रधान, मेनका गांधी, मनोहर लाल, संबित पात्रा, बांसुरी स्वराज तथा मनोज तिवारी और कांग्रेस नेता दीपेन्द्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, राज बब्बर तथा कन्हैया कुमार सहित कई नेताओं के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा। समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेन्द्र यादव और पी डी पी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की किस्मत भी आज इवीएम में बंद हो जाएगी।
इस चरण में एक लाख 14 हजार मतदान केन्द्रों पर 11 करोड 13 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
निर्वाचन आयोग ने सुचारू मतदान के लिए सभी प्रबंध किए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आयोग ने विशेषकर दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबार जैसे शहरों के मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया है।