लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान जोर-शोर से विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में चल रहा है। जहां, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता जनसभा, रोड-शो और जनसम्पर्क अभियान के माध्यम से अपने-अपने प्रत्याशियों को वोट देने की अपील कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज एक वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि कांग्रेस पार्टी का वास्तविक चेहरा देश और दुनिया के सामने आ गया है। सीएए किसी व्यक्ति, किसी जाति या किसी मजहब के खिलाफ नहीं है, मगर कांग्रेस और सपा इस अहम कानून के विरुद्ध दुष्प्रचार कर रहे हैं। उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एटा में पार्टी प्रत्याशी दिनेश शाक्य के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आरक्षण को खत्म करना चाहती है। अगर देश में गठबंधन की सरकार बनेगी तो जाति जनगणना करा कर सबको उनके हिस्से का आरक्षण देंगे। इसी क्रम में बसपा अध्यक्ष मायावती ने बदायूं जिले के इस्लाम नगर में विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि आज बसपा अकेले दम पर पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ रही है। भाजपा और सपा सरकारों में मुस्लिम लोगों की हालत दयनीय बनी हुई है। किसान और जवान के साथ देश की सीमाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।
Site Admin | अप्रैल 29, 2024 8:45 अपराह्न
लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों का रोड-शो, जनसभा और जनसम्पर्क अभियानों में तेजी