लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में दोपहर बाद तीन बजे तक लगभग 50 प्रतिशत मतदान की खबर है। झारखंड में 60 प्रतिशत से अधिक, हिमाचल प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल में 58 प्रतिशत से अधिक, उत्तर प्रदेश में लगभग 47 प्रतिशत, और चंडीगढ में लगभग 53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। ओडिसा में लगभग 50 प्रतिशत, पंजाब में 46 प्रतिशत से अधिक और बिहार में लगभग 43 प्रतिशत मतदान की खबर है।
ओडिसा विधानसभा चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में लगभग 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
इस चरण में आज सात राज्यों और एक केन्द्रशासित प्रदेश की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। पंजाब तथा उत्तर प्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की 09, बिहार की 08, ओडिशा की 06, हिमाचल प्रदेश की 04, झारखंड की तीन और चंडीगढ की एक सीट के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
इस चरण में कुल नौ सौ चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेन्द्र मोदी, भाजपा के ही अनुराग सिंह ठाकुर, रविशंकर प्रसाद तथा कंगना रनौत, कांग्रेस नेता मनीष तिवारी तथा विक्रमादित्य सिंह, राष्ट्रीय जनता दल की मीसा भारती और तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी।
इस चरण में दस करोड 60 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।
आज ही ओडिसा विधानसभा की शेष 42 सीटों के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश की 6 और बिहार, उत्तर प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल की एक-एक विधानसभा सीट का उप-चुनाव भी हो रहा है।
इस चरण का मतदान समाप्त होने के साथ ही लोकसभा की सभी सीटों का मतदान संपन्न हो जाएगा। मतदान संपन्न होने के साथ ही उस महत्वपूर्ण दिन की प्रतीक्षा बढ़ती जा रही है जब राजनीतिक नेताओं के भाग्य का फैसला होगा। इस बीच, लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को होने वाली मतगणना की तैयारियां जोरों पर हैं।