मई 29, 2024 7:31 अपराह्न

printer

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में राज्य की तीन सीटों के लिए प्रचार चरम पर

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में राज्य की तीन सीटों के लिए प्रचार चरम पर है। पक्ष और विपक्ष के शीर्ष नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। एनडीए की ओर से आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दुमका संसदीय क्षेत्र के सारठ के पालाजोरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद गोड्डा संसदीय क्षेत्र के लिए देवघर में रोड शो भी करेंगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजमहल लोकसभा क्षेत्र के साहिबगंज जिले के बरहेट में और दुमका लोकसभा क्षेत्र के शिकारीपाड़ा स्थित सरसडगाल में जनसभा करेंगे। इस अवसर पर एनडीए प्रत्याशी भी मौजूद रहेंगे। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव राजमहल और दुमका लोकसभा प्रत्याशियों के पक्ष में दो जनसभा को संबोधित करेंगे।

इधर इंडी गठबंधन के स्टारप्रचारकों की भी ताबड़तोड़ सभाएं जारी है। देवघर में आज प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीरप्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुरविधायक दीपिका पांडेय समेत कई नेता जनसंपर्क और रोड शो करेंगे।  दुमका में आज इंडी गठबंधन की ओर से कल्पना सोरेन की सभा होगी। आखिरी चरण में पहली जून को सात राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 4 जून को होगी।