मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मई 12, 2024 8:59 अपराह्न

printer

लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिये प्रचार अभियान तेज़ हो गया है

लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिये प्रचार अभियान तेज़ हो गया है। प्रमुख राजनैतिक दलों के नेता और स्टार प्रचारक अपने-अपने दलों के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं और रोड शो कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रायबरेली में पार्टी प्रत्याषी दिनेश प्रताप सिंह, कौषाम्बी में विनोद सोनकर और गोंडा में कीर्तिवर्धन सिंह के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। श्री शाह ने कहा कि एनडीए सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद को खत्म करने के साथ-साथ देश की सीमाओं को और अधिक सुरक्षित बना दिया है। उन्होंने  धारा-370 और राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए लोगों से भाजपा को जिताने का आह्वान किया। श्री शाह ने कहा कि गठबंधन में शामिल पार्टियां आरक्षण के बारे में देशवासियों को गुमराह कर वोट हासिल करना चाहती है, लेकिन जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। श्री शाह ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ही हासिल किया जा सकता है। इस लक्ष्य के लिये जरूरी है कि भाजपा को प्रचंड बहुमत मिले।

वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमेठी के गौरीगंज में भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी और सीतापुर के सिधौली में मोहनलालगंज लोकसभा सीट के प्रत्याशी केन्द्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के लिये वोट की अपील की। चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश में विकास का नया इतिहास रचा गया है और भारत को दुनिया में नई पहचान और सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिल रहे जनसमर्थन से तीसरी बार एनडीए सरकार बनना तय है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाराबंकी में गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। श्री यादव ने लोगों से कहा कि संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिये इंडिया गठबंधन एक मात्र राजनैतिक विकल्प है। यह चुनाव इस उद्देश्य को पूरा करने का सुनहरी मौका है। जनसभा को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप ने भी संबोधित किया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली के हरचंदपुर क्षेत्र के कठवारा में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर अपने घोषणा पत्र के सभी वादों को पूरा करेगी।घोषणा पत्र में महिलाओं, युवाओं और किसानों सहित सभी वर्गो के हितों की रक्षा और कल्याण का वादा किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है, किसान परेशान है। इस चुनाव में जनता मौजूदा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ वोट देने का मन बना चुकी है।